हवाई अड्डों पर यात्री अनुभव को बेहतर बनाना और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना
पृष्ठभूमि: हवाई यात्रा में वृद्धि के साथ, यात्रियों को अपनी उड़ानों के निर्धारित समय से काफी पहले हवाई अड्डे पर पहुंचना पड़ता है, जिसके परिणामस्वरूप हवाई अड्डे के टर्मिनलों पर काफी समय प्रतीक्षा में व्यतीत होता है। हालांकि, इस दौरान बौद्धिक सहभागिता और मनोरंजक गतिविधियों के अवसर सीमित रहते हैं।
पहल का अवलोकन: फ्लाईब्रेरी पहल एक समुदाय-आधारित पुस्तकालय की अवधारणा है, जिसे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और सामुदायिक संगठनों के सहयोग से शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना और हवाई अड्डों पर यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना है। यह पहल “एक पुस्तक लें – एक पुस्तक दें” मॉडल पर संचालित होती है, जिसके तहत यात्री अपनी यात्रा के दौरान पढ़ने के लिए पुस्तकें ले सकते हैं या उन्हें भविष्य में पढ़ने के लिए अपने साथ ले जा सकते हैं और बाद की यात्रा के दौरान वापस कर सकते हैं। हवाई अड्डे के टर्मिनलों के भीतर स्थित पुस्तक अलमारियां बिना किसी सदस्यता शुल्क या औपचारिक उधार प्रक्रिया के यात्रियों के लिए सुलभ हैं तथा स्वैच्छिक सहभागिता और आपसी विश्वास पर आधारित हैं।
कार्यान्वयन की स्थिति: वर्तमान में, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के 72 हवाई अड्डों पर फ्लाईब्रेरी स्थापित की जा चुकी हैं। यह पहल यात्रियों के लिए एक किफायती सुविधा प्रदान करती है, जो पढ़ने की संस्कृति को प्रोत्साहित करती है, सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देती है और यात्रा के दौरान अत्यधिक डिजिटल जुड़ाव के विकल्प के रूप में एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराती है।
प्रमुख उद्देश्य और लाभ:
यात्री अनुभव में सुधार: प्रतीक्षा के समय को उत्पादक, रुचिकर और आरामदायक गतिविधि में परिवर्तित करता है।
पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा: विभिन्न पृष्ठभूमियों से आने वाले यात्रियों के लिए पुस्तकों तक सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध कराता है।
सामुदायिक सहभागिता: स्वैच्छिक रूप से पुस्तकें दान करने और यात्रियों के बीच ज्ञान साझा करने को प्रोत्साहित करता है।
सांस्कृतिक सहभागिता: हवाई अड्डों को केवल आवागमन केंद्रों की भूमिका से आगे बढ़ाकर अधिक रुचिकर सार्वजनिक स्थानों में परिवर्तित करता है।
किफायती कार्यान्वयन: मुख्य रूप से दान की गई पुस्तकों और न्यूनतम अवसंरचना के सहयोग से कम लागत वाली यात्री सुविधा उपलब्ध कराता है।